
![]()
*बिलासपुर में विकास को मिली नई गति, ₹4.56 करोड़ की लागत से नाहल नदी पर बनेगा लघु सेतु : बलदेव सिंह औलख*
*सेतु निर्माण से कई गांवों के लोगों को मिलेगी आवागमन में बड़ी राहत, किसानों और विद्यार्थियों को भी होगा लाभ*
✍️ _भास्कर न्यूज़ टुडे_ ✍️
_प्रधान संपादक- आर के कश्यप_
*बिलासपुर (रामपुर)।*👉 विधानसभा बिलासपुर में ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ने और क्षेत्रवासियों को आवागमन की सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान श्री बलदेव सिंह औलख ने आज बड़ाखास-सईदाबाद मोड़ पर ₹4 करोड़ 56 लाख 80 हजार (₹456.80 लाख) की लागत से नाहल नदी पर बनने वाले लघु सेतु के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।
यह सेतु रामपुर-बड़ाखास, सिमरा, हरदुआ, हरदासपुर, नवदिया, सिर्रा, भैंसौड़ी एवं धनेली पूर्वी मार्ग के किलोमीटर-8 पर नाहल नदी पर निर्मित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य से आसपास के अनेक गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर राज्यमंत्री श्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि गांवों को जोड़ना, ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना और आमजन के जीवन को सुगम बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। नाहल नदी पर बनने वाला यह सेतु क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे किसानों को अपने कृषि कार्यों के लिए आवागमन में सुविधा होगी, विद्यार्थियों को विद्यालय एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंचने में आसानी होगी तथा आमजन को भी बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि विकास का उद्देश्य केवल सड़क, पुल और भवनों का निर्माण कराना नहीं है, बल्कि इन सुविधाओं के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। बिलासपुर विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। क्षेत्र में विकास कार्यों की गति को बनाए रखते हुए प्रत्येक गांव तक बेहतर संपर्क मार्ग और आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
राज्यमंत्री ने कहा कि बिलासपुर के विकास का पहिया रुकने नहीं दिया जाएगा। कोई भी कार्य अधूरा नहीं रहेगा और क्षेत्र के विकास के लिए धन की उपलब्धता से लेकर निर्माण कार्यों के पूरा होने तक निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
उन्होंने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही उन्हें निरंतर जनसेवा करने की प्रेरणा देता है। उनका संकल्प है कि बिलासपुर विधानसभा का प्रत्येक गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़े और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों।
































