
![]()
*विकास भवन में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, बालिकाओं को वितरित किए प्रमाण पत्र*
✍️ भास्कर न्यूज टुडे ✍️
प्रधान संपादक – आर के कश्यप
*रामपुर।* 👉 बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 27 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस पर विकास भवन सभागार में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पुष्पेन्द्र पटेल ने कहा कि बाल विवाह सामाजिक कुरीति के साथ ही दंडनीय अपराध भी है। यह बच्चों के शारीरिक, शैक्षणिक, आर्थिक और सामाजिक विकास को प्रभावित करता है। वर्ष 2030 तक देश को बाल विवाह मुक्त बनाने का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब समाज का प्रत्येक वर्ग अपनी जिम्मेदारी निभाएगा।
उन्होंने शिक्षा विभाग से विद्यालयों में जागरूकता गतिविधियां कराने, स्कूलों की दीवारों पर बाल विवाह के खिलाफ वॉल पेंटिंग कराने और टोल फ्री नंबर अंकित कराने के निर्देश दिए।
राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता सेनी ने भी बाल विवाह की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।
इस दौरान सभी को बाल विवाह न करने, न होने देने तथा इसके खिलाफ आवाज उठाने की शपथ दिलाई गई। प्राथमिक विद्यालय पंजाबनगर की छात्राओं ने नृत्य प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत पात्र बालिकाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी इला आर्या, जिला पंचायत राज अधिकारी नत्थूलाल, रेडक्रास सोसायटी के अध्यक्ष अवतार सिंह सहित चाइल्ड हेल्पलाइन एवं मिशन शक्ति की टीम मौजूद रही।
































