
![]()
*ज्वालानगर, स्वार और शाहबाद में की गई कार्रवाई, जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए नमूने; मिठाइयों में अधिक रंगों का इस्तेमाल न करने की चेतावनी*
✍️*भास्कर न्यूज़ टुडे*✍️
*प्रधान संपादक- आर के कश्यप*
*रामपुर।*👉 दीपावली पर लोगों को शुद्ध और सुरक्षित मिठाइयां उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मंगलवार को जिले में विशेष छापामार अभियान चलाया।
इस दौरान ज्वालानगर, स्वार और शाहबाद क्षेत्र की मिठाई एवं डेयरी की दुकानों से छेना रसगुल्ला, मिल्क केक और खोया के कुल पांच नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
सहायक आयुक्त (खाद्य) मनोज कुमार वर्मा के अनुसार, ज्वालानगर स्थित अनमोल डेयरी से रंगीन छेना रसगुल्ला के दो नमूने लिए गए। गंगादास की पुलिया, स्वार स्थित वारसी स्वीट्स हाउस से मिल्क केक का एक नमूना तथा मधुकर शाहबाद स्थित मनवीर स्वीट्स से मिल्क केक का एक नमूना लिया गया। इसके अलावा पटवाई स्थित गुप्ता स्वीट से खोया का एक नमूना संग्रहीत किया गया।
अभियान के दौरान पटवाई स्थित गुप्ता स्वीट पर मिली कमियों को दूर करने के लिए संबंधित दुकानदार को सुधार नोटिस भी जारी किया जा रहा है। सभी पांच नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई विक्रेताओं को चेतावनी दी है कि वे मिठाइयों में अत्यधिक और हानिकारक रंगों का इस्तेमाल न करें तथा ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ ही बेचें।
सहायक आयुक्त (खाद्य) ने बताया कि दीपावली तक मिलावटखोरी के विरुद्ध विशेष छापामार अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम मौजूद रही।
































